
रायगढ़, / सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालयों में उपस्थित रहते हुए कार्य का संपादन करना है। सभी जिला स्तरीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके मैदानी अमले कार्य दिवसों पर नियत समय पर अपने कार्य स्थल पर उपस्थित रहे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज समय-सीमा की बैठक में कही। उन्होंने कार्य स्थल पर प्रशासनिक अमले की उपस्थिति के संबंध में बात करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित हो कि पटवारी नियत दिनों में अपने हल्के वाले गांवों में उपस्थित रहे, इसके साथ ही शिक्षक, पंचायत सचिव, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास व आदिवासी विकास के कर्मचारी भी अपने कार्य स्थलों पर नियमित रूप से मौजूद रहे। उन्होंने जिला अधिकारियों के साथ सभी एसडीएम को इसका औचक निरीक्षण करने व बिना सूचना के अनुपस्थित लोगों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा

करते हुए कहा कि 31 मार्च के पहले सभी तहसीलों में दर्ज प्रकरणों का निराकरण अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। उन्होंने अविवादित नामांतरण, सीमांकन सहित दूसरे राजस्व प्रकरणों पर तेजी से कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि सीएम जनचौपाल व कलेक्टर जनचौपाल में दर्ज प्रकरण पर अधिकतम दो माह के अंदर निराकृत कर लिए जाये तथा प्रकरण समय-सीमा के बाहर लंबित न हो।

समाज कल्याण विभाग द्वारा वितरित पेंशन भुगतान के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि सभी हितग्राहियों को प्रतिमाह 7 तारीख तक पेंशन का भुगतान कर दिया जाए। इसके लिए सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि पेंशन भुगतान से संबंधित जानकारी समय पर प्रेषित करें जिससे जिला स्तर पर भुगतान की कार्यवाही नियत तिथि तक सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर श्री सिंह ने धान के उठाव व चावल जमा करने के संबंध में भी खाद्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। बताया गया कि अधिकांश समितियों से चावल का उठाव कर लिया गया है। कुछ समितियां जहां उठाव शेष है वहां भी जल्द उठाव का कार्य पूर्ण कराने हेतु कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने 20 मार्च तक उठाव पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने समितियों से बारदाने का उठाव भी जल्द पूरा करवाने की बात कही।
कलेक्टर श्री सिंह ने गौठानों में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण तथा उसके विक्रय व महिला समूहों के भुगतान के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी गौठानों में वहां गोबर खरीदी विक्रय, मल्टी एक्टीविटी तथा महिला समूहों की जानकारी से जुड़े पंजियों का अनिवार्य रूप से संधारण किया जाए, ताकि सभी जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने गौठानों में पशुओं की उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए विशेष रूप से प्रयास किए जाए। उन्होंने हरा चारा की उपलब्धता अनिवार्य रूप से गौठानों में सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने नरवा के तहत पंचायत तथा वन विभाग द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने खनिज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन पर नियमित कार्यवाही जारी रहनी चाहिए। उन्होंने सभी एसडीएम से नगरीय निकाय व ग्राम पंचायतों में राजीव युवा मितान क्लब के गठन की कार्यवाही एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री एस.जयवर्धन, सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल, डीएफओ रायगढ़ सुश्री स्टायलो मंडावी, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री अभिषेक जोगावत, अपर कलेक्टर श्री आर.ए.कुरूवंशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





