Uncategorized

24 घंटे में संत माईकेल स्कूल चोरी का पर्दाफाश, चोरी में शामिल 6 आरोपी और 2 कबाड़ी गिरफ्तार… चोरी के नए वायर जलाकर निकाला तांबा, कबाड़ियों को बेचा; स्कूटी, जले हुए तार और नकदी जब्त…

*26 जुलाई, रायगढ़* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर कोतवाली पुलिस ने रायगढ़ के रामभांठा स्थित संत माईकेल अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निर्माणाधीन भवन से वायरिंग वायर, प्लम्बिंग सामग्री, पेंटिंग सामग्री, तड़ित चालक एवं अन्य निर्माण सामग्री की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शानदार सफलता हासिल करते हुए छह आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। स्कूल प्रबंधन की ओर से रोमानुस कुजूर ने 24 जुलाई को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई को विद्यालय बंद करने के बाद 20 जुलाई की सुबह जब विद्यालय खोला गया तो निर्माणाधीन भवन के कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर रखे वायरिंग वायर, प्लम्बिंग सामग्री, पेंट, पेंट की बाल्टियां, तड़ित चालक सहित अन्य सामग्री गायब थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख थी। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 399/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने अपराध दर्ज होते ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विवेचना के दौरान एक ऐसे नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जो पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका था। पूछताछ में उसने अपने साथी राहिल एक्का तथा दो अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर स्कूल में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए नए बिजली के तारों को सुनसान स्थान पर जलाकर उनमें से तांबा निकाला गया और बाद में अपने परिचित अनुज टंडन एवं विजय बंजारे की मदद से स्कूटी में ले जाकर कबाड़ी आशिक रब्बानी और प्रकाश चौहान को बेच दिया। कल आरोपियों की धरपकड़ दौरान आरोपी अनुज टंडन फरार था जिसे आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है ।

      पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपचारी बालक से 3 नग तड़ित चालक, आरोपी राहिल एक्का से तार बिक्री के बाद बची ₹150 नगद राशि, विजय बंजारे से चोरी में प्रयुक्त स्कूटी, कबाड़ी आशिक रब्बानी से 6 किलोग्राम जला हुआ बिजली तार तथा कबाड़ी प्रकाश चौहान से 5 किलोग्राम जला हुआ बिजली तार बरामद किया। जब्त सामग्री एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध चोरी एवं चोरी के माल की खरीदी-बिक्री के अपराध में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 399/2026 में धारा 331(4), 305, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

   इस उल्लेखनीय सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक कमलेश यादव तथा आरक्षक गणेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राहिल एक्का, पिता सुनील एक्का, उम्र 19 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, रामभांठा, रायगढ़।
  2. विजय बंजारे, पिता दिलीराम बंजारे, उम्र 45 वर्ष, निवासी जय स्तंभ, रामभांठा, रायगढ़।
  3. आशिक रब्बानी, पिता निजामुद्दीन रंगरेज, उम्र 44 वर्ष, निवासी दानीपारा, रायगढ़।
  4. प्रकाश चौहान, पिता मोती चौहान, उम्र 31 वर्ष, निवासी इंदिरानगर, गंगाराम तालाब, रायगढ़।
  5. अनुज टंडन, पिता धुमराम टंडन, उम्र 41 वर्ष, निवासी रामभांठा, रायगढ़।
  6. तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

       *"रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता हर अपराध का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाए। चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री करने वाले भी समान रूप से अपराध के भागीदार हैं और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"*

WhatsApp Image 2024-01-20 at 23.42.49_7da1af9d
previous arrow
next arrow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING