Uncategorized

शिकायतों का समयबद्ध निराकरण और फाइल प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन अनिवार्य- कमिश्नर श्री क्षत्रिय 0 कमिश्नर ने टाइम लिमिट की बैठक में मुख्यमंत्री, कलेक्टर जनदर्शन सहित सभी शिकायतों का तय समय में निराकरण करने, फाइल रोकने या अनर्गल आपत्ति लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई एवं मानसून व बाढ़ आपदा को लेकर सभी विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश….

*रायगढ़।* निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बुधवार को समय-सीमा (टाइम लिमिट) की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी सामंजस्य, जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में आयुक्त श्री क्षत्रिय ने मुख्यमंत्री शिकायत, कलेक्टर जनदर्शन, कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों सहित अन्य सभी शिकायत एवं मांग संबंधी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन के निराकरण के बाद संबंधित आवेदक को इसकी विधिवत जानकारी देने के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर निराकरण दर्ज कराते हुए उसे समय पर बंद (क्लोज) किया करें, जिससे लंबित प्रकरणों की संख्या में कमी आए और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।बैठक में आयुक्त ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली में फाइल प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फाइल का नियमानुसार एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित संचालन होना चाहिए। बिना किसी ठोस एवं वैधानिक कारण के फाइलों को लंबित रखना अथवा अनावश्यक एवं निराधार आपत्तियां अंकित कर कार्य में विलंब करना गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।लगातार हो रही वर्षा एवं मानसून की स्थिति को देखते हुए आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सभी विभागों, विशेषकर बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, सूचना अथवा प्रशासनिक निर्देश प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि व्यवस्था बहाल हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयुक्त ने वाहन विभाग को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रात्रिकालीन अवधि में भी वाहन एवं चालक उपलब्ध रहें। इसके लिए ड्राइवरों की रात्रिकालीन ड्यूटी आरक्षित रखने तथा आवश्यकतानुसार उनके वाहन विभाग में ही ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।* नागरिक हित सर्वोपरि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं*आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी नागरिक हित सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी कार्य निष्पादन ही सुशासन की आधारशिला है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

WhatsApp Image 2024-01-20 at 23.42.49_7da1af9d
previous arrow
next arrow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING