

रायगढ़..सावित्री नगर की एक निजी भूमि में हर साल लगने वाले विवादित मीना बाजार का इस साल भी पुरजोर विरोध हो रहा है।बता दें की हर बार वार्ड पार्षद और मोहल्लेवासियों के जायज विरोध के बावजूद भी,जिला प्रशासन एक रसूखदार कारोबारी को निजी तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए,सारे कायदे कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए उसकी निजी भूमि पर मीना बाजार लगाने की अनुमति दे देता है।जिस वजह से विश्वासगढ चर्च रोड से सावित्री नगर जाने वाले मार्ग में जाम की स्थिति बन जाती है।जिससे आने जाने वाले लोगों के अलावे वहां के रहवासियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

कई वार्ड के लोग होते हैं परेशान
मीना बाजार की वजह से करीबन आधा दर्जन वार्ड के लोग प्रभावित होते हैं।बाजीराव पारा,कैदीमुड़ा,सोनू मुड़ा,सोनखर पारा,रेलवे कालोनी,देवार पारा,सहित इस क्षेत्र के और भी कई मोहल्ले हैं जहां के लोगों का जीवन मीना बाजार लगने के बाद प्रभावित हो जाता है।

रेलवे ट्रैक और बोगदा पुलिया में हो सकती है बड़ी दुर्घटना…
मेला के दौरान मीना बाजार में आने जाने वालों की संख्या में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोतरी होने की वजह से यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है।दरअसल इस क्षेत्र की सड़कें बहुत ही संकरी है।ऐसे में अचानक भीड़ बढ़ने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार करते हैं और ट्रैक के ठीक नीचे बोगदा पुल को भी पार करते हैं दोनो ही कंडीशन में बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आकर और बोगदा पुलिया पार करने के दौरान बोगदा में पानी भरे होने के कारण भगदड़ की स्थिति होने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

रैक प्वाइंट में चलती है सैकड़ों गाडियां..
मीना बाजार स्थल से ही कुछ दूरी पर रेल्वे रैक प्वाइंट हैं।जहां रोजाना रैक लगता है।ऐसे में सैकड़ों लोडेड ट्रक मीना बाजार के ठीक सामने से ही होकर गुजरती है।भीड़ भाड़ होने से कभी भी सड़क दुर्घटना हो सकती है।

बहरहाल इस क्षेत्र में गौर से देखा जाए तो तमाम परेशानियां मौजूद है बावजूद इसके जिला प्रशासन एक रसूखदार कारोबारी को ही विशुद्ध फायदा पहुंचाने के लिए इस क्षेत्र में मीना बाजार लगाने पर आमादा है।अगर इस जगह मीना बाजार ना लगाकर प्रशासन चाहे तो किसी भी नजूल जमीन पर मीना बाजार के लिए अनुमति दे तो माह भर में ही निगम को 40 से 50 लाख रुपए की आमदनी होगी,इस रुपए से शहर विकास के कई बड़े काम हो सकते हैं।

मोहल्लेवासी करेंगे कफन ओढ़कर आमरण अनशन
मोहल्लेवासियों ने अपने इरादे इस दफा स्पष्ट कर दिए हैं।वहां के निवासियों का कहना है की प्रशासन इस मर्तबा अगर उनकी तकलीफ को दरकिनार कर अगर मीना बाजार की अनुमति देता है तो मजबूरन वार्ड पार्षद के साथ मिनी माता चौक में कफन ओढ़कर आमरण अनशन पर बैठ जायेंगे।





