
रायगढ़..जूटमिल थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है।सिंडिकेट बनाकर गुंडातत्व वसूली और गुंडा टैक्स के लिए अब लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं।ताजा मामला सांगी तराई क्षेत्र का है।जहां एक परिवार से कुछ लोगों ने पहले गुंडा टैक्स मांगा नहीं देने पर धूप चंद यादव की निजी जमीन पर बने दीवार को ब्रजेश यादव और उसके गुर्गों ने जेसीबी से तुड़वा दिया।इतना ही नहीं अपनी दीवार को तोड़े जाने का विरोध करने पहुंचे धूपचंद यादव के बेटे आत्माराम यादव और विवेक यादव पर ब्रजेश यादव और उसके गुर्गों ने राड और लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया,जिससे आत्माराम यादव का सर फट गया है एवं विवेक यादव को भी चोटें आई है।

इस मामले को लेकर धूपचंद यादव ने बताया कि सांगीतराई बाईपास में उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज उसकी जमीन है।जिस पर उसने दीवार खड़ा कर दिया है।लेकिन उनकी जमीन के दूसरी तरफ ढाबा चलाने वाले ब्रजेश यादव उसके भाई नगेंद्र यादव और उमेश यादव उससे रंजिश रखते हैं और दबंगाई दिखाते हैं।कल शाम भी ब्रजेश यादव अपने भाइयों और क्षेत्र के कुछ दबंगों को साथ लेकर उसकी जमीन पर पहुंचा और उसके बेटों से रूपयों की मांग किया,रुपए नहीं दिए जाने पर ब्रजेश और उसके भाई और उसके साथ आए उसके साथियों ने घेरकर आत्माराम यादव और विवेक पर हमला कर दिया जिससे आत्माराम का सर फट गया है।घटना के बाद जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मौके से लेकर थाना आई, आत्माराम की रिपोर्ट पर ब्रजेश यादव और उसके साथियों पर धारा 296,351(3),115(2),3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेरी जमीन के पीछे शासकीय जमीन पर ब्रजेश यादव और उसके परिवार का कब्जा…
धूपचंद यादव ने बताया कि ब्रजेश यादव ने सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा कर रखा है।धूपचंद यादव के मुताबिक उनकी जमीन के ठीक पीछे कई मकान नजूल भूमि पर कब्जा करके बनाए गए हैं।जिसमें से आधा दर्जन से भी ज्यादा अवैध निर्माण ब्रजेश यादव और उसके परिवार के लोगों ने कर रखा है।इस बात की पुष्टि बकायदा तहसील कार्यालय द्वारा कराई गई जांच में होता है।दो साल पहले तत्कालीन तहसीलदार ने यहां के नजूल निर्माण की जांच आरआई पटवारी को भेजकर करवाया था।जिसमें पटवारी के जांच प्रतिवेदन के मुताबिक ब्रजेश यादव और उसके रिश्तेदारों का अवैध निर्माण पाया गया था।लेकिन किसी कारणवश आगे की कार्यवाही नहीं हो पाई।
ब्रजेश यादव के बेजा कब्जा पर कब होगी कार्यवाही…
धूपचंद यादव ने ब्रजेश यादव के अवैध निर्माण को तोड़ने की अपील जिला प्रशासन से की है। उन्होंने मीडिया को बताया कि ब्रजेश यादव लाखों रुपए की शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। और अपनी दबंगाई कायम रखने के लिए आसपास के निजी भूमि स्वामियों को भयभीत करता रहता है ताकि उसकी दबंगाई कायम रहे और उसके बेजा कब्जा और अवैध निर्माण पर कोई उंगली न उठा पाए।जांच में प्रामाणिक कब्जा पाए जाने के बाद भी उस पर कार्यवाही नहीं होने की वजह से उसके हौसले बुलंद हो गए है। धूपचंद ने प्रशासन से अपील करते हुए ब्रजेश यादव के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्यवाही करने की मांग किया है।



