
रायगढ़:- कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत रायगढ़ में चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और SIR प्रक्रिया रोकने की मांग करने वाले महाराष्ट्र के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले के बयान पर जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि नाना पटोले जी को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस की यही पुरानी रणनीति है – चुनाव जीतो तो लोकतंत्र महान, चुनाव हारो तो EVM खराब, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और चुनाव आयोग बिकाऊ। उन्होंने कहा कि नाना पटोले जी को रायगढ़ में ज्ञान देने से पहले बताना चाहिए महाराष्ट्र में 39 लाख वोट बढ़ने पर सवाल क्यों? महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा के बीच 6 महीने का अंतर था। इस दौरान नए मतदाता जुड़ते ही हैं। चुनाव आयोग हर चुनाव से पहले SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण करता है, यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है।
यह मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए होता है, अशुद्ध करने के लिए नहीं। 13.3 करोड़ नामों का हटाए जाने के बयान को झूठा आंकड़ा बताते हु3 कहा कांग्रेस 13.3 करोड़ नाम हटाने का भ्रम फैला रही है। जबकि चुनाव आयोग स्पष्ट कर चुका है कि ये वे नाम हैं जो मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित या दोहरे पंजीकरण में पाए गए हैं। कांग्रेस मृत लोगों को भी वोटर लिस्ट में बनाए रखना चाहती है क्या? ताकि फर्जी वोटिंग करा सके? महादेवपुरा और हरियाणा का राग अलापने पर जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस के पास न मुद्दा है, न नेता। इसलिए कर्नाटक के महादेवपुरा और हरियाणा की कहानियां गढ़ रही है।
अगर गड़बड़ी थी तो कांग्रेस कोर्ट क्यों नहीं गई? सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कागज लहराने से लोकतंत्र नहीं बचता। अरुणधर दीवान ने नाना पटोले को नसीहत देते हुए कहा कि नाना पटोले जी, आप महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। आपके नेतृत्व में महाराष्ट्र में कांग्रेस की क्या दुर्दशा हुई, यह पूरा देश जानता है। लोकसभा में मिली थोड़ी बहुत बढ़त के बाद विधानसभा में जनता ने आपको बुरी तरह नकार दिया। पहले आप महाराष्ट्र में अपनी बिखरती कांग्रेस को संभालिए, उसके बाद रायगढ़ की दशा सुधारने की बात करिए। रायगढ़ की जनता समझदार है। उसने 2018 में आपके झूठे वादों पर भरोसा किया था और 2023 में उसका परिणाम भुगता। अब 2023 में जनता ने कांग्रेस को पटखनी देकर भाजपा को आशीर्वाद दिया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी जी के नेतृत्व में रायगढ़ में विकास की गंगा बह रही है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उस पर सवाल उठाकर आप जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं। जनता ने आपको हराया है, चुनाव आयोग ने नहीं।
बेहतर होगा कि आप ब्लॉक स्तर पर मार्च निकालने के बजाय, ब्लॉक स्तर पर अपने बूथ कार्यकर्ताओं को समझाइए कि जनता के बीच जाकर काम कैसे किया जाता है।रायगढ़ में ‘वोट चोर’ का नारा नहीं चलेगा, यहां ‘विकास चोर’ कांग्रेस को जनता पहचान चुकी है।



