
रायगढ़..शहर के विवादित आनंद फार्मेसी में एक बार फिर से मरीज के गलत इलाज की जानकारी सामने आ रही है।मरीज संतोष नामदेव ने आनंद फार्मेसी के तथाकथित BAMS डॉक्टर और एक कर्मचारी पर गलत इलाज का संगीन आरोप लगाया है।
बता दें कि मरीज़ संतोष नामदेव बीते 5 अगस्त को बीपी लो होने के बाद आनंद फार्मेसी इलाज के लिए आया था।जहां इलाज के दौरान वहां मौजूद BAMS डॉक्टर ने उसे दो इंजेक्शन लगाया,पीड़ित के मुताबिक दूसरा इंजेक्शन उसके पैर के नस में दिया गया। इंजेक्शन लगते ही मरीज के पैर में झुनझुनी होने लगी और धीरे धीरे पैर सुन्न हो गया।पीड़ित ने ये बात इंजेक्शन लगाने वाले डॉक्टर को बताया लेकिन डॉक्टर ने दिलासा देकर ठीक हो जाने की बात कहकर टाल दिया,लेकिन पीड़ित की परेशानी बढ़ने पर उसने फिर आनंद फार्मेसी पहुंचकर पैर काम नहीं करने की बात डॉक्टर को बताई,लेकिन अब आनंद फार्मेसी के डॉक्टर और स्टॉफ उसे इग्नोर करने लगे।

अंततः मरीज संतोष नामदेव ने एम्स में जाकर जांच करवाया,तब वहां के डॉक्टर ने उसे बताया कि गलत नस में इंजेक्शन लगाने की वजह से उसका पैर पैरालाइज्ड हो गया है।फिलहाल संतोष नामदेव का इलाज जारी है और उसने आनंद फार्मेसी पर कार्यवाही की मांग की है।इधर सीएमएचओ ने कहा है कि फिलहाल वे दो दिनों की ट्रेनिंग के लिए रायपुर आए हुए हैं और रायगढ़ आने के बाद इस पूरे मामले की जानकारी लेंगे।बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले भी एक युवक की मौत आनंद फार्मेसी के डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद हो गई थी।उस वक्त भी आनंद फार्मेसी में हो रहे इलाज को लेकर मीडिया में कई तरह की खबरें चल रही थी।लेकिन बाद में सब कुछ ठीक हो गया।
बहरहाल आनंद फार्मेसी के डॉक्टर के एक इंजेक्शन ने एक बार फिर से कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।और इसकी जांच मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी के द्वारा किया जाना बेहद जरूरी भी है क्योंकि पीड़ित की माने तो एक गलत इंजेक्शन ने उसकी पूरी जिंदगी तबाह कर दी है।



