

रायगढ़, 13 अप्रैल 2026। जिला कलेक्टोरेट में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित जांच एवं निराकरण के सख्त निर्देश दिए। जनदर्शन में राशन कार्ड बनवाने, चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, श्रमिक योजनाओं सहित अनेक विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।

जनदर्शन के दौरान गौशाला पारा रायगढ़ निवासी शालिनी सिंह ने वार्ड क्रमांक 14 स्थित लगभग 100 वर्ष पुराने सूख चुके बरगद के पेड़ को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर ने तत्काल निगम आयुक्त को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह जनपद पंचायत पुसौर अंतर्गत ग्राम पुसल्दा निवासी करमुराम भोय ने भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की द्वितीय किश्त की राशि अब तक प्राप्त न होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तहसील लैलूंगा के ग्राम मड़िया कछार निवासी कुलेश्वर प्रसाद राठिया ने अपने पुत्र की सर्पदंश से हुई आकस्मिक मृत्यु के मामले में आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। मधुबन पारा रायगढ़ के सेवानिवृत्त कर्मचारी किशोर कुमार थवाईत ने लंबित अंतिम भुगतान दिलाए जाने की मांग रखी। वहीं ग्राम पंचायत बिंजकोट के ग्रामीणों ने जॉब कार्ड बनाए जाने तथा चेक डेम निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि नए परिवारों के लिए जॉब कार्ड बनना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। साथ ही चेक डेम निर्माण से सिंचाई सुविधा बेहतर होगी और गांव में रोजगार सृजन भी संभव हो सकेगा। ग्रामीणों ने यह भी अवगत कराया कि चेक डेम निर्माण का प्रस्ताव पूर्व में जनचौपाल के माध्यम से भेजा जा चुका है और प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु जिला पंचायत को भेजा गया है, किंतु अभी तक कार्य लंबित है। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्रकरण की समीक्षा कर शीघ्र स्वीकृति एवं कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई मामलों में त्वरित कार्रवाई भी की गई।





