

रायगढ़/जशपुर :- नशीली दवाओं की तस्करी पर जशपुर पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाया है। थाना तपकरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 10 अप्रैल की रात करीब 11:45 बजे जशपुर से रायगढ़ जा रही वासुदेव बस (क्रमांक CG-13-Q-1800) को रोका और उसकी डिक्की से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद किया। कुल 480 बोतलें (48 लीटर) जब्त की गईं, जिनकी बाजार मूल्य लगभग 96,720 रुपये है।
पुलिस ने बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जप्त बस को भी पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस ने बस डिक्की में छिपाए गए माल को पकड़ा: मामला थाना तपकरा क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जशपुर ओर से रायगढ़ जाने वाली बस में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट एंड ट्राईपॉलिडाइन हाइड्रोक्लोराइड (ऑनरेक्स) नाम की नशीली कफ सिरप ले जाया जा रहा है। तत्काल थाने के सामने मेन रोड पर नाकाबंदी की गई। बस आने पर उसकी तलाशी ली गई तो डिक्की में रखे दो झोलों के अंदर चार कार्टूनों में 100-100 मिलीलीटर वाली 480 बोतलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि यह पूरा स्टॉक बिहार के गया जिले से लाया गया था और रायगढ़ में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। शुरुआत में उन्होंने अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे वे टूट गए।
गिरफ्तार आरोपी:-
- बसंत पटेल (33 वर्ष), कंडक्टर, निवासी ग्राम बगुडेगा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
- सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष), खलासी, निवासी ग्राम नैला जूना तलाब, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)
- भोला राम (46 वर्ष), ड्राइवर, निवासी ग्राम कंडोरा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छ.ग.)
पुलिस का सख्त संदेश: जशपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मामले की सफलता में थाना तपकरा के सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक महेंद्र पैंकरा, किशुन कुमार, रूपेश यादव और लोकेश ठाकुर की विशेष भूमिका रही।
यह कार्रवाई न सिर्फ जशपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं की तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस ने युवाओं और समाज को नशे के इस खतरे से बचाने के लिए अपनी मुहिम तेज कर दी है।





