

खरसिया शहर में आज दोपहर लगभग 12:30 से 2बजे के बीच पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च और सघन पेट्रोलिंग की। कार्रवाई एसडीओपी Prabhat Patel के नेतृत्व में की गई। इस दौरान थाना प्रभारी Rajesh Jangde, चौकी प्रभारी trinath Tripathi तथा थाना-चौकी का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। अधिकारी स्वयं पैदल चलते हुए स्थिति का जायजा लेते नजर आए। कुछ स्टाफ वाहन के साथ भी मौजूद रहा, जिससे पूरे शहर में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनी रही।
अग्रसेन चौक में सघन वाहन जांच
अग्रसेन चौक में खड़े होकर पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। बिना नंबर प्लेट के वाहन, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालक तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर चालान काटे गए।
जांच के दौरान कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई। पत्थलगांव क्षेत्र के एक व्यक्ति को संदिग्ध प्रतीत होने पर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
लोहे का कड़ा जब्त कर दी गई समझाइश
अभियान के दौरान कुछ लोग लोहे का कड़ा (चूड़ा) पहनकर घूमते पाए गए। पुलिस ने सावधानी के दृष्टिकोण से उन व्यक्तियों को रोककर उनका कड़ा निकलवाया और उसे जब्त कर लिया। संबंधित व्यक्तियों को समझाइश देते हुए भविष्य में इस प्रकार की वस्तु पहनकर न घूमने की हिदायत दी गई, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया।
बैंक और सार्वजनिक स्थलों की निगरानी
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने बैंक परिसर में प्रवेश कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। बैंक के अंदर और बाहर मौजूद लोगों से सामान्य पूछताछ की गई तथा आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी रखी गई।
सड़क किनारे बाहर तक फैले सामान को लेकर दुकानदारों को भी निर्देश दिए गए कि यातायात प्रभावित न हो और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
पूरे अभियान का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई दर्शाती है कि खरसिया में नियमित निगरानी और सतर्कता बनाए रखी जा रही है।





