
रायगढ़ | 28 फरवरी, 2026
रायगढ़ जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजना “लाखा–गेरवानी–चिराईपानी–पाली–देलारी मार्ग” के निर्माण में हो रहे विलंब को लेकर जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग समिति ने कड़ा रुख अपनाया है। समिति के सभापति श्री गोपाल अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता को प्रथम स्मृति-पत्र (Reminder) जारी कर 2 साल से अटकी इस परियोजना पर बिंदुवार जवाब मांगा है।
दो साल पहले हुई थी घोषणा, अब तक जानकारी भी नदारद…..

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व इस मार्ग के निर्माण की घोषणा की गई थी। यह मार्ग क्षेत्र की औद्योगिक कनेक्टिविटी और ग्रामीण आबादी के आवागमन के लिए लाइफलाइन माना जा रहा है। सभापति श्री अग्रवाल ने बताया कि इससे पूर्व 09 फरवरी 2026 को भी विभाग से जानकारी मांगी गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी PWD कार्यालय द्वारा कोई प्रत्युत्तर नहीं दिया गया।
लागत बढ़ने और जनता की परेशानी पर चिंता
जारी पत्र में सभापति ने स्पष्ट किया है कि निर्माण में देरी के कारण न केवल परियोजना की लागत (Cost Escalation) बढ़ने की संभावना है, बल्कि स्थानीय जनता को भी जर्जर रास्तों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से पूछा है कि आखिर किन प्रशासनिक बाधाओं या तकनीकी कारणों से यह जनहित का कार्य अटका हुआ है।
इन 6 बिंदुओं पर मांगा गया है जवाब:
समिति ने PWD से निम्नलिखित जानकारी अविलंब उपलब्ध कराने को कहा है:
- पिछले दो वर्षों में सर्वे, DPR और प्रशासनिक स्वीकृति की वर्तमान स्थिति।
- कार्य में हो रहे विलंब के तकनीकी और प्रशासनिक कारण।
- अब तक स्वीकृत, आवंटित और खर्च की गई राशि का वित्तीय विवरण।
- टेंडर प्रक्रिया और वर्क ऑर्डर (Work Order) की स्थिति।
- वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क के तकनीकी मानक और डिजाइन।
- कार्य की भौतिक प्रगति और इसे पूर्ण करने की अंतिम समय-सीमा।
कलेक्टर और CEO को भी भेजी गई प्रतिलिपि
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर रायगढ़ और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जिला पंचायत को भी प्रेषित की गई है, ताकि जिले के इस महत्वपूर्ण मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण हो सके
जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि PWD को कोई प्रशासनिक समस्या आ रही है, तो समिति उस पर पहल करने को तैयार है, लेकिन फाइलें दबाकर बैठना उचित नहीं है।”
— गोपाल अग्रवाल, सभापति (सहकारिता एवं उद्योग समिति, जिला पंचायत रायगढ़)





