
रायगढ़ ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम बैसपाली में शिवलिंग स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस पावन अवसर पर विशाल कलश यात्रा और शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से आई हजारों श्रद्धालु महिलाओं ने पूरे भक्ति भाव के साथ सहभागिता की।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, हर-हर महादेव के जयघोष और भक्तिमय माहौल के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे ग्राम को शिवमय बना दिया। आयोजनकर्ताओं नीरा कार-ताराबाई, दुर्गा चरण-लता और हेमचरण-हिमानी डनसेना के मार्गदर्शन में यह धार्मिक आयोजन 15 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक अनवरत रूप से चलेगा।
कार्यक्रम के दौरान बाहर से आए सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में 17 जनवरी 2026 को भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक लक्ष्मी नारायण पांडे जी अपनी भक्ति प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या का आयोजन रात्रि 8 बजे से किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत धार्मिक आयोजन को सफल बनाने और पुण्य के भागीदार बनने की अपील की है।





