
रायगढ़।
अखिल भारतीय सेवा संगठन सेवा भारती की जिला रायगढ़ इकाई का भव्य शुभारंभ मंगलवार, 18 नवम्बर 2025 (मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष त्रयोदशी) को कोतरा रोड स्थित नंद बाग, सोनिया नगर में संपन्न हुआ। आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर, शोषित, वंचित और अभावग्रस्त वर्ग के लिए समर्पित यह संगठन शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत है। “समाज है आराध्य हमारा, सेवा व्रत है साधना” । इसी भाव को आधार बनाकर सेवा भारती समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक बिना भेदभाव के सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष सेवा भारती समिति जिला रायगढ़ डॉ. राम कुमार पटेल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर मंच पर अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी और दायित्वधारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सुभाष त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि एवं पदाधिकारी विभाग संघचालक विजय शंकर पटनायक, जिला संघचालक डॉ. प्रकाश मिश्रा, नगर संघचालक – डॉ. बोधिराम पटेल, मुख्य वक्ता एवं सह क्षेत्र प्रचारक – प्रेम शंकर सिदार रहे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में
तुलसीदास मानिकपुरी (प्रांत सेवा प्रमुख),
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान,
नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू
सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
समाजसेवी संस्था ‘जय बूढ़ी माई’ का विशेष सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा जय बूढ़ी माई समाज सेवी संस्था, कोसमनारा का सम्मान। संस्था द्वारा नेत्रहीन एवं मानसिक दिव्यांग बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास हेतु स्वयं के संसाधनों और जनसहयोग से संचालित आवासीय आश्रम को सेवा भारती ने विशेष रूप से सम्मानित किया।
इस आश्रम में वर्तमान में 25 दिव्यांग बच्चे संरक्षित हैं और संस्था को छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है।
डाक्यूमेंट्री प्रदर्शन व दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम से पूर्व सेवा भारती की कार्य योजनाओं, उद्देश्यों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों पर आधारित एक प्रभावशाली डाक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में एक सकारात्मक और सेवाभाव से भरी ऊर्जा का संचार हुआ।
सेवा भारती का संकल्प, समाज के हर वर्ग तक पहुँचे सेवा
सेवा भारती पिछले कई वर्षों से देशभर में नगरीय सेवा बस्तियों, ग्रामीण क्षेत्रों और वनवासी समाज में संस्कार, शिक्षा, स्वावलंबन, स्वास्थ्य, सामाजिक पुनर्वास जैसी गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहयोग पहुंचा रही है। रायगढ़ इकाई का शुभारंभ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





