
रायगढ़ के धरमजयगढ़ क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।जहां एक बार फिर जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला है। ग्राम पंचायत जमाबिरा में देर रात एक जंगली हाथी ने गांव के बीच पहुंचकर एक बुजुर्ग ग्रामीण पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 2 बजकर 25 मिनट पर हाथी भोजन की तलाश में जमाबिरा गांव के अंदर पहुंच गया। इसी दौरान उसका सामना एक बुजुर्ग ग्रामीण से हुआ। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों में जहां एक ओर अपने बीच हुई मौत को लेकर गम है, वहीं दूसरी तरफ हाथी के गांव में घुसने से सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।मृतक की पहचान रतन गुप्ता के रूप में बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही आज सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन अमला मामले में आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।वहीं, वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और विशेषकर रात के समय सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर जंगल से निकलकर हाथियों के गांवों और आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं लगातार क्यों बढ़ रही हैं?ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल है।



