
रामभाठा स्थित स्वामी विवेकानंद अकादमी के विद्यार्थियों को वितरित किया गया 200 पौधे
रायगढ़ – रामदास द्रौपदी फाउंडेशन का पर्यावरण संरक्षण रथ गत 13 जुलाई को रवाना किया गया। रथ को रवाना करने के पूर्व रामभाठा स्थित स्वामी विवेकानंद अकादमी के छात्रों में फाउंडेशन की संरक्षक द्रौपदी देवी और संस्थापक चेयरमैन सुनील रामदास द्वारा पौध वितरण किया गया। उसके पश्चात् संरक्षक द्रौपदी देवी और संस्थापक चेयरमैन सुनील रामदास ने पर्यावरण संरक्षण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विषय पर सुनील रामदास ने बताया कि गत वर्ष से यह रथ जिले के लोगों तक पौधरोपण हेतु पौधा पहुंचाने का कार्य कर रहा है। वर्षा ऋतु में इस रथ के माध्यम से ग्रामीण और शहर के दूरस्थ क्षेत्रों में पौधे उपलब्ध कराया जाता है।

रामदास द्रौपदी फाउंडेशन गत 8 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के दिशा में 50 हजार पौधे लगाने और उसके संरक्षण पर कार्य करता आ रहा है। इसी तारतम्य में फाउंडेशन ने अपनी नर्सरी भी स्थिापित की है। जिसमें पौधे रोपित करने योग्य बनाने के बाद आवश्यकता अनुसार लोगों को उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही साथ जिले के अलग – अलग क्षेत्रों के विद्यालयों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर रोपित भी किये जाते हैं, इसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी को अधिक सुनिश्चित किया जाता है, ताकि पौधों को संरक्षित करके पेड़ का स्वरूप दिया जा सके।
पर्यावरण संरक्षण रथ आपके गाँव पहुँच कर उपलब्ध कराएगा पौधा
रामदास द्रौपदी फाउंडेशन का पर्यावरण संरक्षण रथ कोरोना के मद्देनजर गत वर्ष से आरम्भ किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम को देखते हुए इस वर्ष भी संचालित रखने का निर्णय चेयरमैन सुनील रामदास द्वारा लिया गया है। उनका मानना है कि विभिन्न संगठन और संस्थाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण हेतु जो पौधरोपण का कार्य किया जाता है। इसके अतिरिक्त जिन लोगों को अपने बाड़ी या खेत आदि में कोई पौधा लगाना है और वे संस्थान तक नहीं पहुँच पा रहे हैं, तो उनके लिए यह रथ उनके घर या मुहल्ले तक पौधा पहुँचाने का कार्य करता है। इससे वे सरलता पूर्वक अपने आवश्कता के अनुसार पौधा लेकर रोपित कर सकते हैं।





